
बरखेड़ा (पीलीभीत)। हाल ही में आई बाढ़ और लगातार बारिश से किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बुरी तरह प्रभावित हुई है। ऐसे गंभीर हालात में बरखेड़ा विधायक एवं महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने दिल्ली जाकर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भेंट कर किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।प्रवक्तानंद महाराज ने मंत्री से कहा कि केवल राहत वितरण से किसानों की समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आधुनिक तकनीक, जैविक खेती, उन्नत बीज और वैज्ञानिक सिंचाई प्रणाली को बढ़ावा देना होगा। खेती को आपदा-रोधी और लाभकारी बनाए बिना हर साल आने वाली बाढ़ और बारिश किसानों को संकट में धकेलती रहेगी।केंद्रीय कृषि मंत्री ने विशेष परियोजना बनाकर किसानों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। हालांकि किसानों का मानना है कि अब तक कई आश्वासन दिए गए हैं, लेकिन वे केवल कागजों तक ही सीमित रह जाते हैं। किसानों की वास्तविक अपेक्षा है कि योजनाएं धरातल पर उतरें और उनकी आमदनी में ठोस बदलाव लाएं।इस दौरान प्रवक्तानंद महाराज का सक्रिय रहना और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार किसानों की मदद करना उनकी संवेदनशीलता और सेवाभाव का परिचायक माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजनीति केवल भाषणों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि जनता की समस्याओं को सीधे महसूस कर उनके समाधान की दिशा में प्रयास होना चाहिए।कृषि और किसान आज जलवायु परिवर्तन, बाजार की अस्थिरता और प्राकृतिक आपदाओं के दबाव में हैं। ऐसे में पीलीभीत से उठी यह पहल न केवल स्थानीय किसानों के लिए बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी सकारात्मक संदेश देती है। अब किसानों को उम्मीद है कि सरकार प्रवक्तानंद महाराज की इस पहल को गति देगी और राहत से आगे बढ़कर स्थायी समाधान उपलब्ध कराएगी।
More Stories
टेंडर घोटाले का पर्दाफाश! 2.74 करोड़ के टेंडर रद्द
नगर पालिकाओं की आय बढ़ाने पर जोर, स्मार्ट सिटी बनाने को मिलेगी धनराशि
बरखेड़ा विधायक ने सीएचसी में “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” अभियान का किया शुभारंभ