ब्रह्मा, विष्णु और महेश के प्रतीक पीपल, बरगद व पाकड़ के वृक्ष लगाए गए

मरौरी (पीलीभीत)। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंगलवार को लोक भारती के तत्वावधान में हरिशंकरी रोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत मरौरी ब्लॉक के ग्राम टाह पौटा में हुई, जहां ब्रह्मा, विष्णु और महेश के प्रतीक माने जाने वाले पीपल, बरगद और पाकड़ के वृक्षों का पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद एवं जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से तीन-तीन के समूह में इन वृक्षों को रोपित किया। पौधारोपण के दौरान विधायक के साथ मंडल अध्यक्ष महेंद्र पाल, कार्यालय प्रभारी हरेंद्र वर्मा, लोक भारती वृक्षारोपण अभियान के संयोजक दीपक अग्रवाल, दुर्गा प्रसाद, ग्राम प्रधान संतराम सहित जिला विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं बड़ी संख्या में अधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने इस अवसर पर कहा कि हरिशंकरी रोपण अभियान के अंतर्गत जिले की प्रत्येक ग्राम सभा में पीपल, बरगद और पाकड़ के पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ये तीनों वृक्ष न केवल पर्यावरण को शुद्ध करेंगे बल्कि भारतीय संस्कृति में ब्रह्मा, विष्णु और महेश के प्रतीक माने जाने वाले ये वृक्ष गाँवों में आस्था, स्वास्थ्य और समृद्धि का संचार भी करेंगे। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण महज एक परंपरा या औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण और जीवनदायिनी प्रकृति को सुरक्षित रखने का संकल्प है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से इस अभियान को बड़े पैमाने पर चलाया जाएगा और अधिक से अधिक पौधारोपण सुनिश्चित कराया जाएगा।कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की और वृक्षों की देखभाल व संरक्षण का संकल्प लिया। हरिशंकरी रोपण अभियान के साथ जिले में पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक आस्था का संगम देखने को मिला।
More Stories
टेंडर घोटाले का पर्दाफाश! 2.74 करोड़ के टेंडर रद्द
नगर पालिकाओं की आय बढ़ाने पर जोर, स्मार्ट सिटी बनाने को मिलेगी धनराशि
बरखेड़ा विधायक ने सीएचसी में “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” अभियान का किया शुभारंभ