विधायक स्वामी प्रवक्तानंद के जनता दरबार में उमड़ी भीड़

जनता दरबार में जनसुनवाई करते विधायक स्वामी प्रवक्तानंद

बरखेड़ा। बरखेड़ा विधानसभा के विधायक एवं महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद ने सोमवार को अपने आश्रम परम अक्रिय धाम पर जनता दरबार लगाया। इसमें सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचे। फरियादियों में किसी को परिवार में बीमारी की परेशानी थी, तो कोई सरकारी योजनाओं से जुड़ी दिक्कत या प्रशासनिक कार्य में आ रही बाधाओं की शिकायत लेकर आया। विधायक ने हर समस्या को गंभीरता से सुना और त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता भी दी गई, वहीं कई सामाजिक विवादों का मौके पर ही समाधान कराया गया।बरखेड़ा ब्लॉक, उगनपुर, कंजा हरैया, आमखेड़ा सहित अनेक गाँवों से आए लोग जनता दरबार के बाद आश्रम में भोजन करने के साथ अलखेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन के लिए भी पहुँचे।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि स्वामी प्रवक्तानंद का जनता दरबार लोकतंत्र की असली ताकत है, जहाँ जनता की समस्याएँ सीधे अपने प्रतिनिधि तक पहुँचती हैं और तत्काल समाधान भी मिलता है। भगवा वेशधारी विधायक अपने आध्यात्मिक जीवन, सरल स्वभाव और सेवा भाव के चलते न केवल क्षेत्र में बल्कि पूरे प्रदेश में लोकप्रिय हो चुके हैं।