जन सेवा की मिसाल बने विधायक स्वामी प्रवक्तानंद

पीलीभीत। बरखेड़ा विधानसभा से विधायक एवं महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद आज राजनीति में एक अलग पहचान रखते हैं। साधु-संतों की परंपरा से जुड़े भगवा वेशधारी विधायक अपने आध्यात्मिक जीवन और सरल स्वभाव के कारण न केवल क्षेत्रवासियों में बल्कि पूरे प्रदेश में लोकप्रिय हो चुके हैं।

रोज लगाते हैं जनता दरबार

स्वामी प्रवक्तानंद अपने आश्रम परम अक्रिय धाम पर प्रतिदिन सुबह जनता दरबार लगाते हैं। इसमें सैकड़ों की संख्या में फरियादी अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचते हैं। किसी के परिवार में बीमारी, किसी को सरकारी योजनाओं से जुड़ी दिक्कत, तो किसी को प्रशासनिक कामकाज में बाधा—हर फरियाद को विधायक स्वयं सुनते हैं और त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित करते हैं।

जनता दरबार में जनसुनवाई करते विधायक स्वामी प्रवक्तानंद

स्थानीय लोग बताते हैं कि जरूरतमंदों की आर्थिक मदद से लेकर सामाजिक विवादों के निस्तारण तक, विधायक का जनता दरबार क्षेत्रवासियों की उम्मीदों का केंद्र बन चुका है। यही वजह है कि दूर-दराज़ के गाँवों से भी लोग अपनी बात कहने यहाँ आते हैं।

महामंडलेश्वर बनने के बाद और बढ़ा जनसेवा का दायरा

महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद

महामंडलेश्वर बनने के बाद विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने क्षेत्र में दर्जनों गांवों में भव्य सत्संग का आयोजन कराया। इन आयोजनों में विशाल भंडारे भी किए गए, जिनमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। समाजसेवा की भावना से प्रेरित होकर उन्होंने विधवा महिलाओं को साड़ियां वितरित कीं और कई धार्मिक स्थलों के निर्माण व मरम्मत के लिए लाखों रुपए की सहयोग राशि भी प्रदान की।

जनता की भावनाओं का रखते हैं सम्मान

लोग कहते हैं कि विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने हमेशा जनता की भावनाओं का आदर किया है। दो बार हार के बावजूद जनता उनके लिए उदास हुई, क्योंकि उन्हें विश्वास था कि “हमने जिसे वोट दिया है वह एक नेक इंसान है, संत कहलाने लायक है।” यही भरोसा उन्हें बार-बार जनता के दिल के करीब ले आया।

राजनीति से बढ़कर सेवा का भाव

विशाल भंडारे में प्रसाद वितरित करते महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद

विधायक का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल राजनीति करना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है। संत परंपरा से जुड़े होने के कारण वह हर कार्यक्रम और हर निर्णय में सेवा और धर्म को प्राथमिकता देते हैं। यही कारण है कि उन्हें प्रदेशभर के धार्मिक आयोजनों में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाता है।

जनता की आवाज़ बन चुका जनता दरबार

बरखेड़ा क्षेत्र की जनता का मानना है कि स्वामी प्रवक्तानंद का जनता दरबार वास्तव में लोकतंत्र की असली ताक़त है, जहाँ जनता की बात सीधे अपने प्रतिनिधि तक पहुँचती है और त्वरित समाधान भी मिलता है। यही शैली उन्हें अन्य नेताओं से अलग करती है और “जनसेवक” की उपाधि दिलाती है।

योग और सेवा से जन-जन के प्रिय बने विधायक स्वामी प्रवक्तानंद

जनता को योग सिखाते विधायक स्वामी प्रवक्तानंद

विधायक एवं महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद न सिर्फ राजनीति और जनसेवा के क्षेत्र में मिसाल कायम कर रहे हैं, बल्कि स्वास्थ्य और आध्यात्मिक जागरूकता के क्षेत्र में भी नई पहचान बना रहे हैं।प्रतिदिन सुबह आश्रम परम अक्रिय धाम पर वे स्वयं योग साधना करते हैं और बड़ी संख्या में लोगों को योगाभ्यास भी कराते हैं। योग सत्र में महिलाएँ, युवा और बुजुर्ग सभी शामिल होते हैं। विधायक स्वामी प्रवक्तानंद का मानना है कि “स्वस्थ शरीर और शांत मन ही सशक्त समाज की नींव हैं।”योग की शिक्षा के साथ-साथ वे लोगों को नियमित जीवनशैली, संयम और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। स्थानीय लोग बताते हैं कि उनके मार्गदर्शन में योग करने से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक शांति और आध्यात्मिक शक्ति भी प्राप्त होती है।